OPS पर कर्मचारियों की आर-पार की लड़ाई: 13 सितंबर को सीएम आवास कूच की तैयारी

चमोली (गौचर): राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा (NMOPS) जनपद चमोली ने पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली को लेकर आंदोलन तेज करने का फैसला किया है। मोर्चा आगामी 13 सितंबर को देहरादून में मुख्यमंत्री आवास कूच करेगा। इस प्रदर्शन में चमोली जिले से 1,000 से अधिक कर्मचारी और शिक्षक देहरादून कूच करेंगे।
शनिवार को गौचर में आयोजित जिला कार्यकारिणी की बैठक में आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया।
3 बड़ी बातें:
13 सितंबर को सीएम आवास कूच: एनएमओपीएस के बैनर तले देहरादून में होगा बड़ा शक्ति प्रदर्शन।
ब्लॉक स्तर पर लक्ष्य तय: चमोली के प्रत्येक विकासखंड से 100-100 कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
नेताओं का दावा: पुरानी पेंशन सिर्फ मांग नहीं, कर्मचारियों के सुरक्षित भविष्य और सामाजिक सुरक्षा का अधिकार है।
हर ब्लॉक से 100 कर्मचारियों की भागीदारी का लक्ष्य
एनएमओपीएस जिलाध्यक्ष मोहन सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि चमोली जिले के सभी विकासखंडों से व्यापक स्तर पर कर्मचारी-शिक्षक राजधानी देहरादून पहुंचेंगे। प्रत्येक ब्लॉक को कम से कम 100 कर्मचारियों को जुटाने का लक्ष्य सौंपा गया है। इसके लिए सभी विकासखंडों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
'पुरानी पेंशन कर्मचारियों के सम्मान और सुरक्षित भविष्य की गारंटी'
बैठक में प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिगम्बर सिंह नेगी ने कहा कि पुरानी पेंशन केवल एक मांग या अधिकार नहीं, बल्कि कर्मचारियों के सम्मानजनक और सुरक्षित भविष्य की गारंटी है। इसके लिए सभी संवर्गों के कर्मचारियों को एकजुट होना होगा।
वहीं जिलाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के भविष्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा बेहद अहम मुद्दा है। अब वक्त आ गया है कि इस निर्णायक आंदोलन को व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया जाए।
'सरकार मांगों पर गंभीर नहीं, अब आर-पार की लड़ाई'
जिला मंत्री सुरेंद्र भगत ने कहा कि यह संघर्ष किसी एक विभाग या व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि प्रदेश के सभी कर्मचारियों का साझा आंदोलन है। उन्होंने कहा कि सरकार लंबे समय से कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं कर रही है, जिससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। ऐसे में अब कर्मचारियों के पास आर-पार की लड़ाई लड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।
बैठक में ये प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
रणनीति बैठक में महिपाल सिंह चौहान, दिनेश बधानी, नरेंद्र कुंवर, राजेंद्र चंद्र कंसवाल, भोला दत्त सिरस्वाल, गजेंद्र बिष्ट, शिव दर्शन सिंह नेगी, पानू चौहान, अल्का शाह, सुनील राज, संजय बिष्ट और लक्ष्मी कंडारी सहित कई कर्मचारी व शिक्षक नेता उपस्थित रहे।
