रुड़की दोहरा हत्याकांड: बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज भाई ने पार की हैवानियत की हदें, पड़ोसी युवक और बहन की गोली मारकर हत्या

रुड़की। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह प्रेम प्रसंग के शक में हुए विवाद ने रूह कंपा देने वाला रूप ले लिया। एक सिरफिरे युवक ने पहले पड़ोस में रहने वाले युवक की उसके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी और फिर अपने घर लौटकर अपनी सगी बहन को भी गोली मार दी। घायल युवती को नाजुक हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, झबरेड़ी कलां निवासी मुन्ना उर्फ सूरज शनिवार सुबह अपने घर पर लेटा हुआ था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला अमन हाथ में तमंचा लेकर वहां पहुंचा और बिना कुछ कहे मुन्ना पर फायर झोंक दिया। गोली लगने से मुन्ना लहूलुहान होकर गिर पड़ा। जब तक परिजन कुछ समझ पाते, मुन्ना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वारदात को अंजाम देकर आरोपित अमन वहां से सीधे अपने घर पहुंचा और अपनी बहन रूपा पर भी गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक आरोपित तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो चुका था।
वारदात की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मुन्ना के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जबकि गंभीर रूप से घायल रूपा को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल से हायर सेंटर रेफर कराया गया। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद रूपा की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अमन को अपनी बहन रूपा और पड़ोसी युवक मुन्ना के बीच प्रेम प्रसंग का शक था। इसी बात को लेकर करीब एक वर्ष पूर्व भी दोनों परिवारों के बीच जमकर विवाद और कहासुनी हुई थी। हालांकि, उस समय ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया था, लेकिन अमन के मन में यह रंजिश लगातार सुलग रही थी। शनिवार सुबह इसी पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया।
एक ही गांव में दो हत्याओं के बाद स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है। एहतियात के तौर पर झबरेड़ी कलां गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
एसपी देहात अभय सिंह का बयान:
"दोनों परिवारों के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर पहले से रंजिश चली आ रही थी। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग में की गई हत्या का ही लग रहा है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपित अमन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा आरोपित के पास कहां से आया, इसकी भी जांच की जा रही है।"
More in Uttarakhand

हाथ में मां की तस्वीर लेकर ED दफ्तर पहुंचे पूर्व CM हरीश रावत: बोले— 'चुनाव से पहले शुरू हो जाता है एजेंसियों का खेल'; ओएसडी पर लगे आरोपों पर भाजपा को घेरा
9/26/2026
उत्तराखंड में मानसून फिर एक्टिव, 28 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट: हेमकुंड साहिब में बर्फबारी से बढ़ी ठंड; देहरादून-नैनीताल समेत कई जिलों में रेड अलर्ट जारी
9/26/2026
उत्तराखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण: 20 हजार फर्जी आपत्तियां खारिज, 95 हजार मतदाताओं के नाम कटने तय; 3 अक्तूबर को आएगी अंतिम सूची
9/26/2026
उत्तराखंड में महा-रिकॉर्ड: 2 लाख लोगों ने एक साथ गाया 'वंदे मातरम'
9/25/2026
