देहरादून में बैंककर्मी पर फायरिंग का सनसनीखेज खुलासा: सगाई से खफा पूर्व प्रेमिका ने दी थी 5 लाख की सुपारी; एनकाउंटर के बाद प्रेमिका समेत 3 गिरफ्तार

- प्रेमी के दूसरी युवती से सगाई करने और सोशल मीडिया पर ब्लॉक करने से नाराज थी प्रेमिका
- एनकाउंटर के बाद शूटर अंकित के पैर में लगी गोली, साथी अंकुर फरार; सुपारी की बकाया रकम लेने आए थे दून
- तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद; पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता मालिया रहमान को दबोचा
देहरादून:
राजधानी देहरादून के पटेल नगर कोतवाली अंतर्गत बड़ोवाला क्षेत्र में 8 सितंबर को बैंककर्मी पर हुई जानलेवा फायरिंग के मामले में दून पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस हत्याकांड की साजिश किसी और ने नहीं, बल्कि बैंककर्मी की पूर्व प्रेमिका ने ही रची थी। प्रेमी द्वारा किसी दूसरी युवती से सगाई कर लेने और उसे सोशल मीडिया पर ब्लॉक करने से खफा प्रेमिका ने उसे रास्ते से हटाने के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल शूटर और मुख्य साजिशकर्ता प्रेमिका समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक शूटर अभी फरार है।
8 सितंबर को बहन के सामने मारी थी गोली
पुलिस के अनुसार, हरिद्वार के ज्वालापुर निवासी सत्यम कुमार देहरादून में एक बैंक में कार्यरत है। 8 सितंबर को सत्यम अपनी बहन के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था। बड़ोवाला क्षेत्र में जियो पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे एक बिना नंबर की बाइक पर आए दो बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका और सत्यम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से सत्यम लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए। गंभीर हालत में सत्यम को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस मुठभेड़: शूटर के पैर में लगी गोली
घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के जरिए बदमाशों के सुराग तलाश रही थीं। 11 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि दोनों शूटर बाकी की रकम लेने के लिए दोबारा देहरादून आ रहे हैं।
गोरखपुर चौक के पास पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की, तो वे भागने लगे। चाय बागान की पगडंडी के पास बदमाशों ने बाइक छोड़ दी और जंगल की तरफ भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग झोंक दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हरिद्वार निवासी शूटर अंकित चौहान के पैर में गोली लगी और वह पकड़ा गया, जबकि उसका साथी अंकुर (निवासी लक्सर) अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गया।
5 साल का प्यार, शादी टूटी, फिर सगाई बनी रंजिश की वजह
- घायल शूटर अंकित ने पूछताछ में पूरे मामले की परतें खोल दीं। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मालिया रहमान (निवासी ज्वालापुर) और सत्यम के बीच वर्ष 2020 से प्रेम संबंध थे।
- वर्ष 2023 में मालिया ने पारिवारिक दबाव में किसी अन्य से शादी कर ली थी, लेकिन सत्यम से बातचीत जारी रही। बाद में मालिया का विवाह टूट गया।
- वर्ष 2025 में सत्यम देहरादून शिफ्ट हो गया।
- फरवरी 2026 में सत्यम ने एक दूसरी युवती से सगाई कर ली। इसके बाद उसने मालिया से दूरी बना ली और उसका नंबर व सोशल मीडिया अकाउंट्स ब्लॉक कर दिए।
- इस बात से तिलमिलाई मालिया ने सत्यम की हत्या की ठान ली।
5 लाख की सुपारी, 1.20 लाख एडवांस
मालिया ने रानीपुर निवासी अपने परिचित मोहित के जरिए शूटर अंकित और अंकुर से संपर्क साधा। सत्यम की हत्या के लिए 5 लाख रुपये में सौदा तय हुआ, जिसमें से 1.20 लाख रुपये एडवांस के तौर पर दे दिए गए। मालिया ने अंकित को सत्यम की तस्वीर और देहरादून स्थित उसके बैंक कार्यालय का पता दिया था। 8 सितंबर को रेकी करने के बाद दोनों शूटरों ने सत्यम पर गोली चला दी थी।
पुलिस ने क्या-क्या बरामद किया?
एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी ने बताया कि अंकित की निशानदेही पर पुलिस ने मुख्य आरोपी मालिया रहमान और बिचौलिए मोहित को आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर का देसी तमंचा, दो खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की बाइक बरामद की गई है। घायल शूटर अंकित का पुराना आपराधिक इतिहास भी है। फरार आरोपी अंकुर की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
More in Uttarakhand

ज्योलीकोट महामारी: 3 मौतों और 250 बीमारों के बाद बूंद-बूंद को तरसे लोग; स्कूल की पानी की टंकी से निकला सड़ा कीचड़
9/12/2026
पिथौरागढ़ में भारी तबाही: बीआरओ का बनाया 170 फीट लंबा पुल सैलाब में ध्वस्त, चीन सीमा से आवाजाही बंद
9/12/2026
UKSSSC VPDO भर्ती घोटाला: पूर्व CM हरीश रावत के पूर्व OSD के ठिकानों पर ED का छापा, नकदी, सोना और 12 लग्जरी घड़ियां बरामद
9/12/2026
हल्द्वानी और लालकुआं को केंद्र की बड़ी सौगात: दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी, जाम से मिलेगी मुक्ति
9/12/2026
