64 गेंदों में 173 रन! मुंबई इंडियंस के नमन धीर ने रचा नया इतिहास

मोहाली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में मुंबई इंडियंस के लिए अपनी पहचान बनाने वाले युवा विस्फोटक बल्लेबाज नमन धीर ने शेर-ए-पंजाब T20 लीग में बल्ले से ऐसा गदर मचाया कि विरोधी गेंदबाज बेबस नजर आए। मोहाली के ऐतिहासिक आईएस बिंद्रा स्टेडियम में अमृतसर सूरमास की ओर से खेलते हुए नमन ने मोहाली किंग्स के खिलाफ मात्र 64 गेंदों में 173 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली। उनकी इस आतिशी पारी के दम पर अमृतसर सूरमास ने 67 रनों से एकतरफा जीत दर्ज की।
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी अमृतसर सूरमास की टीम को नमन धीर ने अकेले दम पर रिकॉर्ड स्कोर तक पहुंचा दिया। दाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने मैदान के हर कोने में छक्के-चौकों की झड़ी लगा दी। नमन ने अपनी 173 रनों की तूफानी पारी में 16 चौके और 12 गगनचुंबी छक्के जड़े, यानी 136 रन उन्होंने सिर्फ 28 गेंदों में बाउंड्री से ही बटोर लिए।
नमन के अलावा जश्नप्रीत सिंह ने 25 गेंदों पर 41 रनों की उपयोगी पारी खेली। वहीं, अभिषेक शर्मा ने 4 गेंदों में 13 और अभय चौधरी ने 10 गेंदों में 20 रन बनाए। नमन धीर के तूफान की बदौलत अमृतसर सूरमास ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 279 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
मोहाली किंग्स के लिए आयुष गोयल सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 43 रन देकर 4 विकेट चटकाए, हालांकि वे रनों की रफ्तार रोकने में नाकाम रहे।
280 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मोहाली किंग्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में लड़खड़ा गई। अमृतसर के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट झटके, जिससे मोहाली की टीम कभी भी जरूरी रन-रेट के करीब नहीं पहुंच सकी।
मोहाली की तरफ से जसकरणवीर पॉल ने अकेले मोर्चा संभाला और 41 गेंदों में 76 रनों की जुझारू पारी खेली। हालांकि, दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे और उन्हें किसी अन्य बल्लेबाज का ठोस साथ नहीं मिल पाया।
अमृतसर सूरमास के गेंदबाज शुभम राणा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में मात्र 30 रन देकर 4 अहम विकेट झटके। मोहाली किंग्स की टीम 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 212 रन ही बना सकी और उसे 67 रनों से करारी हार झेलनी पड़ी।
