चारधाम यात्रा: 15 सितंबर से फिर शुरू होगी केदारनाथ हेली सेवा, 7 सितंबर से IRCTC पर शुरू होगी टिकटों की बुकिंग; जानें किराया और शेड्यूल

देहरादून। मानसून सीजन के चलते धीमी पड़ी उत्तराखंड चारधाम यात्रा अब 15 सितंबर के बाद एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार 15 सितंबर से मानसून की विदाई शुरू हो जाएगी। इसे देखते हुए डीजीसीए (DGCA) की अनुमति के बाद उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) ने 15 सितंबर से केदारनाथ धाम और चारधाम के लिए हेली सेवाओं के दूसरे चरण के संचालन का निर्णय लिया है। इसके लिए हेली टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया आगामी 7 सितंबर से शुरू होने जा रही है।
7 सितंबर से खुलेंगे बुकिंग स्लॉट
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) प्रतीक जैन ने बताया कि टिकटों की बुकिंग आईआरसीटीसी (IRCTC) की आधिकारिक वेबसाइट https://heliyatra.irctc.co.in के जरिए की जाएगी। शुरुआती चरण में 15 सितंबर से 30 सितंबर तक के लिए टिकटों की बुकिंग का स्लॉट खोला जाएगा। इसके बाद आगामी तिथियों के लिए समय-समय पर स्लॉट जारी किए जाएंगे।
केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाओं का राउंड ट्रिप किराया (जीएसटी सहित):
गुप्तकाशी से केदारनाथ: ₹12,762 (आना-जाना)
फाटा से केदारनाथ: ₹10,164 (आना-जाना)
सिरसी से केदारनाथ: ₹6,390 (आना-जाना)
8 एविएशन ऑपरेटर संभालेंगे केदारनाथ हेली सेवा की कमान
केदारनाथ धाम के लिए तीनों प्रमुख हेलीपैड से कुल 8 कंपनियां रोजाना शटल सेवाएं संचालित करेंगी:
गुप्तकाशी हेलीपैड:
ट्रांस भारत एविएशन – रोजाना 24 शटल
चिपसन एविएशन – रोजाना 24 शटल
फाटा हेलीपैड:
यूनाइटेड हेलीचार्टर्स – रोजाना 24 शटल
थंबी एविएशन – रोजाना 24 शटल
राजस एयरोस्पोर्ट्स एंड एडवेंचर्स – रोजाना 24 शटल
पिल्ग्रीमेज एविएशन – रोजाना 24 शटल
सिरसी हेलीपैड:
एरो एयरक्राफ्ट – रोजाना 32 शटल
हिमालयन हेली – रोजाना 32 शटल
बदरीनाथ और चारधाम चार्टर सेवाएं
सीईओ प्रतीक जैन के अनुसार, केदारनाथ धाम के साथ ही बदरीनाथ धाम के लिए गौचर हेलीपैड से हेली सेवाओं का संचालन भी 15 सितंबर से शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, चारों धाम (गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ) के लिए संचालित होने वाली सभी चार्टर्ड हेली सेवाएं देहरादून स्थित सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट से ही संचालित होंगी।
पहले चरण में 78 हजार से अधिक ने की हेली यात्रा
यूकाडा के अनुसार, यात्रा के पहले चरण में लगभग 67 हजार श्रद्धालुओं ने केदारनाथ शटल हेली सेवाओं का लाभ उठाया, जबकि करीब 11.5 हजार यात्रियों ने चारधाम चार्टर्ड उड़ानों का उपयोग किया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: बदरीनाथ में 1 अक्टूबर से स्थाई ATC
उड़ानों के सुरक्षित संचालन को लेकर केदारनाथ धाम के लिए वर्तमान में सीतापुर में अस्थाई एटीसी (Air Traffic Control) कार्यरत है। वहीं, बदरीनाथ धाम में स्थाई एटीसी स्थापित करने का कार्य जोरों पर है, जिसका संचालन 1 अक्टूबर से शुरू हो जाएगा। इसके अलावा केदारनाथ हेलीपैड के पास भी स्थाई एटीसी बनाने की प्रक्रिया गतिमान है, जिसे अगले यात्रा सीजन से पहले पूरी तरह चालू कर दिया जाएगा।
