सीएम धामी के जन्मदिन पर पीएम मोदी ने दी बधाई

सीएम धामी के जन्मदिन पर पीएम मोदी ने दी बधाई: बोले- विकसित भारत में आपका योगदान अहम; उत्तराखंड में आज रुद्राभिषेक, कल से मनेगा 'सेवा संकल्प माह'
| देहरादून
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिन (16 सितंबर) की शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने बधाई संदेश भेजकर मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, सुख और दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि सीएम धामी के अनुभव, समर्पण और दूरदर्शिता से उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
पीएम ने कहा कि आज देश ‘शक्ति की सप्तधारा’ के संकल्प के साथ ‘विकसित भारत’ के निर्माण की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में राज्य के सामर्थ्य, संसाधनों और जनशक्ति को नए आयाम देने में सीएम धामी का सक्रिय योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहेगा।
खबर की 3 बड़ी बातें:
- मंदिरों में विशेष पूजा: सीएम धामी के जन्मदिन पर यमकेश्वर शिव मंदिर और पौड़ी के कंडोलिया मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक, हवन व कीर्तन का आयोजन।
- कल से सेवा संकल्प अभियान: पीएम मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में एक महीने का 'सेवा संकल्प माह' चलेगा।
- घर-घर जलेगा 'आशीर्वाद का दीया': पीएम के 25 वर्षों के सेवाकाल (सीएम से पीएम तक) के सम्मान में 17 सितंबर की शाम 6 से 7 बजे तक हर बूथ और घर में दीपक जलाए जाएंगे।
यमकेश्वर शिव मंदिर में हुआ रुद्राभिषेक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के मौके पर बुधवार को यमकेश्वर स्थित पौराणिक शिव मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान हुआ। यमकेश्वर मंडल भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री के स्वस्थ व दीर्घायु जीवन के लिए रुद्राभिषेक और यज्ञ आयोजित किया गया। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि अनुष्ठान में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु शामिल हुए। वहीं, पौड़ी के कंडोलिया मंदिर में भी हवन और पूजा-अर्चना की गई।
17 सितंबर को पीएम मोदी का जन्मदिन: घर-घर जलेगा 'आशीर्वाद का दीया'
भाजपा प्रदेशभर में 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत करने जा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने वीडियो संदेश जारी कर बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे एक महीने चलेगा।
अभियान के तहत 17 सितंबर की शाम 6 से 7 बजे के बीच प्रदेश के हर बूथ पर घर-घर 'आशीर्वाद का दीया' प्रज्वलित किया जाएगा। यह दीपक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 7 अक्टूबर 2001 (गुजरात के सीएम बनने) से लेकर अब तक के 25 वर्षों के सफल जनसेवा काल और 'विकसित भारत 2047' के सामूहिक संकल्प का प्रतीक होगा। पौड़ी के डीएवी इंटर कॉलेज में शाम 7 बजे सामूहिक दीप प्रज्वलन होगा।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि प्रत्येक जिले में एक प्रभारी नियुक्त किया गया है और बूथ स्तर के कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को दीप जलाने के लिए प्रेरित करेंगे।
रक्तदान शिविर से लेकर कवि सम्मेलन तक, महीने भर होंगे कार्यक्रम
भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत के अनुसार, 17 सितंबर को युवा मोर्चा की ओर से पौड़ी, सतपुली और श्रीनगर में विशाल रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे।
वहीं, दोनों नेताओं के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर देहरादून के तिलक रोड स्थित बाल वनिता आश्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्कृति, साहित्य व कला परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट ने बताया कि आगामी एक महीने तक सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के तहत भजन-कीर्तन, कवि सम्मेलन, साहित्य सम्मेलन, चित्रकला प्रदर्शनी और नुक्कड़ नाटकों का आयोजन पूरे प्रदेश में किया जाएगा।
More in Uttarakhand

उत्तराखंड में पॉलीहाउस योजना पर कड़ा फैसला: सुस्त रफ्तार पड़ी भारी, कंपनी से छीना काम; पाई-पाई वसूलेगी सरकार
9/17/2026
उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज: हेमकुंड साहिब में सीजन का पहला हिमपात, केदारनाथ घाटी में भारी बारिश
9/17/2026
उत्तराखंड में पहली बार आयोजित होंगे 'फिल्म अवॉर्ड्स': गढ़वाली-कुमाऊंनी और हिंदी सिनेमा की प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान
9/16/2026
शिक्षकों के सुगम-दुर्गम तबादलों पर हाईकोर्ट सख्त: माध्यमिक शिक्षा निदेशक से मांगा जवाब
9/16/2026
